मुजफ्फरपुर। हर हाल में यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए काम करना होगा। इसमें किसी तरह का कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगा। लापरवाही करने वाले कर्मचारी को दंडित किया जाएगा।

मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन स्थित सभा कक्ष में सोमवार को सोनपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम चंद्रशेखर प्रसाद यादव ने वाणिज्य विभाग के निरीक्षक की समस्या को लेकर बैठक की।

जिसमें वाणिज्य विभाग के निरीक्षक ने अपनी-अपनी समस्या से अवगत कराया। सामान्य टिकट घर यूटीएस के निरीक्षक अजीत कुमार बाड़ा ने बताया कि सुबह से लेकर रात्रि तक पांच काउंटर चालू रहता है।
वहीं रात्रि में एक काउंटर चालू रहता है। इसके साथ ही टिकट की बिक्री के बारे में जानकारी ली। पार्सल घर के प्रभारी सुरेन्द्र पांडेय ने कहा कि कई कर्मचारी सही ढ़ंग से काम नहीं करना चाहते है।

वैसे कर्मचारियों को एक बार मौका देकर चेताया जाए। इसके बाद भी सुधार नहीं होता है तो मुझे अवगत कराए। इसके साथ ही पार्सल घर में पेयजल एवं शौचालय की कमी से सीनियर डीसीएम को अवगत कराया गया।

सीनियर डीसीएम ने पार्सल घर में आय वृद्धि के लिए बाजार में जाकर व्यापारियों से बात करने का निर्देश दिया है। ताकि, यहां के व्यापारी अधिक से अधिक माल रेल से ढ़लाई करा सके। तभी जाकर पार्सल के आय में वृद्धि होगी।

आरक्षण टिकट घर पर्यवेक्षक भूपेश कुमार ने कहा कि कई कर्मचारी काम करना नहीं चाहते है। वैसे लोगों की सूची बनाकर मुझे अवगत कराए। इसके साथ ही आरक्षण टिकट घर के आय से भी अवगत हुए। सीनियर डीसीएम ने कहा कि हर हाल में यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए काम करना होगा। इसमें किसी तरह का कोई कोताही बर्दाश्त नहीं जाएगा।
इससे पूर्व सीनियर डीसीएम ने कुली के रहने वाले आवास का निरीक्षण किया। कुली के मोट सबल कुमार ने शिकायत किया था कि आवास में जलजमाव रहने के कारण रहना मुश्किल हो गया।
आवास में जलजमाव के कारण कुली प्लेटफार्म पर रात्रि विश्राम करते है। स्टेशन पर 80 कुली आज यात्री को बोझा ढ़ोने का कार्य कर रहे है। सबल कुमार ने एडीआरएम से भी अपनी समस्या से अवगत कराया है। जिस पर एडीआरएम ने कहा कि जब तक नए भवन नहीं बन जाता है तब तक कोई उपाय नहीं है।