मुजफ्फरपुर। सोमवार को शहर के देवी मंदिरों में मां दुर्गा के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान भक्तों ने श्रद्धा व आस्था के साथ दीया और अगरबत्ती से मां की आरती कर सुख समृद्धि की कामना की।
विशेषकर महिलाओं और बच्चों ने देवी मंदिरों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और मां की आरती उतारी।

शहर के क्लब रोड स्थित देवी मंदिर और कल्याणी चौक दुर्गा मंदिर में सुबह से ही मां के दर्शन करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
भक्तों ने मां के दर्शन कर जयकारे लगाए। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
वहीं शहर के अन्य मंदिरों और पूजा स्थलों पर मां को भोग लगाकर भक्तों ने शाम में आरती उतार कर मां की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
शहर के क्लब रोड स्थित देवी मंदिर, बग्लामुखी मंदिर, कल्याणी चौक स्थित दुर्गा मंदिर, बैंक रोड स्थित दुर्गा मंदिर, सदर अस्पताल स्थित दुर्गा मंदिर,
ब्रह्मपुरा भोला चौक स्थित दुर्गा मंदिर, ब्रह्मपुरा रेलवे कॉलोनी दुर्गा मंदिर, ब्रह्मपुरा चौक स्थित दुर्गा मंदिर, बैरिया चौक स्थित दुर्गा मंदिर, जीरोमाइल स्थित दुर्गा मंदिर, अहियापुर स्थित दुर्गा मंदिर, रामदयालु रोड स्थित
मुक्तिनाथ मंदिर स्थित दुर्गा मंदिर, रामदयालु नगर चौक स्थित दुर्गा मंदिर आदि जगहों पर महिला भक्तों ने शाम में दिया और अगरबती जलाकर पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की।
इसके अलावा सिकंदरपुर स्थित श्यामामाई मंदिर और दुर्गा मंदिर में मां के दर्शन कर लोगों ने सुख समृद्धि की कामना की।शाम में मां की भव्य आरती की गई। जिसमें भक्तों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। वहीं उपवास रखने वाली महिलाएं मां के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर उनकी आरती की।
इस दौरान भक्तों में खासा उत्साह रहा। इसके अलावा पूजा-सामग्री की दुकानों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। दीया बात्ती, धूप, अगरबत्ती, कपूर, चुनरी, लौंग, तिल, सरसों तेल, मखाना, धूप, लौंग सहित पूजा में प्रयोग होने वाले सामानों की खूब बिक्री हुई।