मुजफ्फरपुर। तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्रों की गणित और हिंदी विषय में दक्षता जांची जाएगी। इसके लिए जिले में एक्सेलरेटेड लर्निंग कैंपेन की शुरुआत जिले में हो रही है।

इसके तहत 16 प्रखंडों के कुल 1600 स्कूलों में पढ़ने वालों बच्चों का हिंदी-गणित में बेसलाइन टेस्ट होगा। इसमें गणित में सामान्य जोड़-घटाव, गुणा-भाग और हिंदी के शब्द पढ़ना समेत अन्य एक्टिविटी शामिल होगी।

इसके लिए एनसीईआरटी की ओर से तैयार प्रश्न पत्रों का प्रयोग होगा। परीक्षा के आधार पर छात्र-छात्राओं की दो कैटेगरी बनाई जाएगी। 60 फीसदी से कम अंक लाने वाले तीसरी, पांचवीं और आठवीं के स्टूडेंट्स को 90 दिनों का विशेष प्रशिक्षण मिलेगा।

बच्चों को एनसीईआरटी की ओर से तैयार पाठ्यक्रम की पढ़ाई हर दिन दो घंटे तक स्कूल के समय ही कराई जाएगी। इसमें शिक्षक एक घंटे हिंदी और एक घंटे गणित पढ़ाएंगे।

एक्सेलरेटेड लर्निंग कैंपेन को लेकर 23 अक्टूबर को मास्टर ट्रेनर हर प्रखंड के 4-4 शिक्षकों को ट्रेनिंग देंगे। डीएम की अध्यक्षता में होने वाली इस कार्यशाला में शिक्षा विभाग के अधिकारी भी होंगे।
इसमें उन्हें बेसलाइन टेस्ट का आयोजन करने के साथ चयनित बच्चों को विशेष प्रशिक्षण के लिए शिक्षकों को ट्रेनिंग मिलेगी। सौजन्य : दैनिक भास्कर

शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए तैयारी शुरू
बताया जाता है कि 64 शिक्षक अपने-अपने प्रखंडों में अगले चार दिनों में जिले के 3200 शिक्षकों को ट्रेनिंग देंगे। सभी शिक्षकों को एक्सेलरेटेड लर्निंग कैंपेन की जानकारी देने के बाद बेसलाइन टेस्ट होगा। इसके बाद 90 दिनों का विशेष प्रशिक्षण होगा। पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम लीटर सैय्यद अकरम ने बताया, आकांक्षी जिले के तहत मुजफ्फरपुर का चयन किया गया है। इसमें सभी प्रखंडों में 100-100 में तीसरी, पांचवीं और आठवीं के बच्चों का बेसलाइन टेस्ट होगा।
