मुजफ्फरपुर : इंडियन फुटवियर साइजिंग सिस्टम विकसित करने की कवायद शुरू, एमआइटी 6 हजार लोगों के पैरों का लेगी सैंपल

मुजफ्फरपुर: इंडियन फुटवियर साइजिंग सिस्टम विकसित करने की कवायद शुरू हो गई है। देश को जल्द ब्रिटिश फुटवियर साइज सिस्टम से छुटकारा मिलेगा।

इसके लिए इंडियन फुटवियर साइजिंग सिस्टम के लिए सेंट्रल लेदर रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएलआरआइ) ने कोशिश शुरू कर दी है। इस प्रोजेक्ट के लिए एमआइटी को रीजनल एक्टेंशन सेंटर बनाया गया है।

एमआइटी के प्राचार्य डॉ. सीबी महतो ने बताया कि संस्थान की चार सदस्यीय टीम बिहार और झारखंड के लिए पांच जिलों में करीब छह हजार लोगों का सैंपल कलेक्ट करेगी।

इसमें चार वर्ष से 55 वर्ष तक के विभिन्न वर्ग के लोगों के पैर का माप लिया जाना है। सर्वे के लिए बिहार में मधुबनी, दरभंगा व पटना का चयन किया गया है।

जबकि, झारखंड में लातेहार व सरायकेला खरसावां सैंपल लिया जाएगा। बताया जाता है कि सीएसआइआर (काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च) और सीएलआरआइ (सेंट्रल लेदर रिसर्च इंस्टीट्यूट) के संयुक्त प्रयास से वर्ष 2022 तक इंडियन फुटवियर साइजिंग सिस्टम विकसित करना है।इस प्रोजेक्ट में एमआइटी को शामिल किया गया है। लेदर डिपार्टमेंट के प्रो.मणिकांत ने बताया कि छह हजार से अधिक लोगों के पैरों का साइज लिया जाएगा। सर्वे के बाद थ्रीडी मेजरमेंट को सीएलआरआइ को सौंप दिया जाएगा। सर्वे टीम में एमआइटी के लेदर टेक्नोलॉजी के विभागाध्यक्ष प्रो.संजय कुमार चौधरी, प्रो.मणिकांत, डॉ.मिथिलेश कुमार राय और डॉ.आरती कुमारी शामिल है।

यह टीम सैंपल कलेक्शन के लिए चेन्नई जाकर ट्रेनिंग लेगी। बताया जाता है कि देश में अभी तक ब्रिटिश फुटवियर साइजिंग सिस्टम ही चलता है। भारत का अपना कोई सिस्टम अब तक विकसित नहीं हुआ है। अभी चल रहे सिस्टम के अनुसार औसत भारतीय पुरुष पांच से 11 और महिला चार से छह नंबर का फुटवियर पहनते है। इस साल के अंत में सर्वे शुरू होगा और 14 महीने में पूरा किया जाएगा। सर्वे के आधार पर भारत में फुटवियर के साइज का मानक तैयार किया जाएगा। जिसे जूता निर्माता कंपनियां अपने आकार में भी शामिल करेंगी। सौजन्य: प्रभात खबर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.