मुजफ्फरपुर : कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं सीखेंगी मार्शल आर्ट

मुजफ्फरपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राएं मार्शल आर्ट सीखेंगी। इससे छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ सेल्फ डिफेंस के लिए तैयार किया जाएगा।

इसके लिए सभी 16 प्रखंडों में छात्राओं को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग की जाएगी। निदेशालय स्तर से इसकी योजना तैयार कर दी गई है। छठ पूजा के बाद कैंप लगाया जाएगा।

बिहार शिक्षा परियोजना की डीजीसी डॉ. मेनका ने बताया कि निदेशालय की ओर से छात्राओं को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दिलाने की योजना तैयार की जा रही है।

यह ट्रेनिंग 30 दिनों की होगी। निदेशालय के स्तर से ही सभी प्रखंडों के लिए ट्रेनर भेजे जाएंगे। कहा कि जल्द ही जिला स्तर पर बैठक कर योजना तैयार की जाएगी।

वहीं, कस्तूरबा विद्यालयों में अब छात्राओं के साथ शिक्षिका व वार्डेन की हाजिरी बायोमेट्रिक सिस्टम से लगेगी।

डॉ. मेनका ने बताया कि अक्टूबर के अंत तक फेस बायोमेट्रिक लगाने का निर्देश निदेशालय ने दिया है।

इसके अलावा छात्राओं के लिए सिंगल बेड की व्यवस्था करनी है। इसके लिए सभी जगह 100-100 चौकियों का प्रबंध इस महीने के अंत तक किया जाएगा। सभी स्कूलों में कम से कम एक-एक कंप्यूटर की खरीदारी भी की जाएगी। स्कूल कैंपस में पुरुषों की एंट्री नहीं हो, इसके लिए दो गेट की व्यवस्था होगी। सौजन्य : प्रभात खबर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.