मुजफ्फरपुर। जिले में लगातार डेंगू उपस्थिति दर्ज करा रहा है। स्थिति यह है कि सोमवार के तीन नए मरीज मिले है। इनमें दो शहरी क्षेत्र और एक मोतिहारी का मरीज है।

शहरी क्षेत्र में मिले मरीज अहियापुर के हैं। इन मरीजों को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। एसकेएमसीएच के ओपीडी में आए पांच मरीजों का ब्लड सैंपल डेंगू का संदेह होने पर जांच के लिए भेजा गया,

जहां तीन में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है।

सिविल सर्जन डॉ. विनय कुमार ने बताया कि डेंगू के मरीज मिलने के साथ ही सभी पीएचसी को अलर्ट किया गया है। बुखार के मरीजों की डेंगू जांच कराने को कहा गया है।

सुबह और शाम डेंगू के मच्छर सक्रिय होते है। डॉक्टरों का कहना है कि घर के अंदर और बाहर पानी का जमाव नहीं होने दें।

स्थिर और साफ पानी डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छरों के लिए एक प्रजनन आधार तैयार करता है। डॉ.एसके पांडे ने कहा कि डेंगू के लक्षण आसानी से दिखाई नहीं देते, क्योंकि वे सामान्य बुखार के जैसे ही होते हैं।
एडीज मच्छर के काटने के चार दिन से दो सप्ताह के बीच कभी भी लक्षण दिखाई दे सकते है। फ्लू जैसे लक्षण, जो दो से सात दिनों तक रह सकते है। तेज बुखार, तेज सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द होना गंभीर लक्षण है। सौजन्य : प्रभात खबर
