मुजफ्फरपुर : सदर अस्पताल में ऑनलाइन टोकन सिस्टम नहीं हुआ चालू

मुजफ्फरपुर। सदर अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू करने के लिए छह लाख रुपए खर्च भी कर दिए, लेकिन तीन साल बाद भी मरीजों को डॉक्टर को तलाशने के साथ-साथ ओपीडी में घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है।

ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जून 2018 में टोकन सिस्टम शुरू करने के लिए उपकरण लगाए थे।

इसमें ओपीडी में आने वाले मरीजों को रजिस्ट्रेशन काउंटर से ही जिस बीमारी के मरीज हैं, उन्हें वहीं से कमरा नंबर के साथ टोकन नंबर दिया जाता।

इसे लेकर मरीज ओपीडी में जाकर प्रतीक्षा करते। यह टोकन नंबर कमरा नंबर के साथ ही ओपीडी हॉल में लगे एलसीडी स्क्रीन में दिखता।

अपना टोकन नंबर देख मरीज इलाज के लिए उसी कमरे में जाते, जहां उन्हें इलाज कराना था। इससे मरीजों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

ओपीडी हॉल में कुर्सियों की व्यवस्था के साथ-साथ हर डॉक्टर के कक्ष के ऊपर टोकन सिस्टम वाली मशीन लगाई गई।साथ ही हॉल में एलसीडी स्क्रीन भी लगाए गए। अस्पताल में जितनी प्रकार की दवाएं उपलब्ध रहती हैं, उसकी सूची भी कंप्यूटर में डिस्प्ले होती।

इससे पता चलेगा कि कौन-कौन सी दवा अस्पताल में उपलब्ध है। उपाधीक्षक डॉ.एनके चौधरी का कहना है कि एक निजी कंपनी को सिस्टम लगाने के लिए टेंडर दिया गया था। कुछ सिस्टम लगा और कुछ सिस्टम नहीं लगा है। इस कारण अभी तक टोकन सिस्टम नहीं शुरू हो सका। इसके लिए कंपनी को मशीन लगा चालू करने को कहा गया है। जल्द ही इस सिस्टम को चालू किया जाएगा। सौजन्य : प्रभात खबर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.