मुजफ्फरपुर। सूबे में चार स्मार्ट सिटी में मुजफ्फरपुर की रैंकिंग अभी सबसे नीचे है। देश के 100 शहरों की सूची में जिले का स्थान 93 वें नंबर है, जबकि राजधानी पटना की रैंकिंग 50 के भीतर है।

वहीं भागलपुर व बिहारशरीफ भी मुजफ्फरपुर से बेहतर रैंक पर है। फंड आवंटित होने के बाद भी स्मार्ट सिटी का काम नहीं हो पा रहा है। इसे नगर विकास एवं आवास विभाग ने गंभीरता से लिया है।

जिले में स्मार्ट सिटी कंपनी 45 करोड़ से अधिक रुपए खर्च कर चुकी है। इसके साथ ही 495 करोड़ से अधिक रुपए के प्रोजेक्ट का वर्क ऑर्डर भी जारी किया जा चुका है, जिसका काम शुरू हो गया है।

साथ ही 300 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट का टेंडर प्रक्रिया में है। फिर भी रैकिंग में सुधार नहीं हो रहा है।
विभाग की तरफ से मुजफ्फरपुर की रैंकिंग बेहतर बनाने के लिए नगर आयुक्त सह एमडी विवेक रंजन मैत्रेय को तेजी से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के कार्य को धरातल पर उतार भुगतान करने का आदेश दिया है।
नगर आयुक्त ने बताया कि जिन प्रोजेक्ट का वर्क ऑर्डर जारी किया गया है, उसका कुछ काम होने के बाद जैसे ही भुगतान कर इससे संबंधित जानकारी को प्रूफ के साथ केंद्र सरकार के स्मार्ट सिटी को लेकर तैयार वेबसाइट पर अपडेट कर दिया जाएगा। सौजन्य: प्रभात खबर
