मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत किसानों को शत-प्रतिशत अनुदान पर तेलहन और दलहन का मिनी किट का वितरण हो रहा है।

यह बातें चावल विकास निदेशालय भारत सरकार के निदेशक डॉ. मान सिंह ने कहीं। वे मुशहरी प्रखंड में आयोजित रबी कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार तेलहन और दलहन को बढ़ावा दे रही है। इस योजना के तहत मिनी किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

इसमें शत-प्रतिशत अनुदान पर किसानों को तेलहन और दलहन का बीज दिया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान निदेशक से किसानों ने बाढ़ और अधिक बारिश से हुई खरीफ फसल को हुई अधिक क्षति से अवगत कराया। बताया कि अभी तक किसानों को क्षति का मुआवजा नहीं मिला है।
खेतों में जलजमाव से रबी फसल की बुआई में विलंब होगा। फसलों को नीलगाय, वनैया सुअर भी काफी परेशान कर रहे है।जिला कृषि पदाधिकारी शीलाजीत सिंह ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार किसानों के हित का ख्याल रखती है।
कई ऐसी योजनाएं हैं जिनसे किसान लाभान्वित हो सकते है। सौजन्य : प्रभात खबर