मुजफ्फरपुर : स्वास्थ्य विभाग ने तीन स्वास्थ्य प्रबंधक को नहीं हटाया, डीएम ने दिए थे हटाने के आदेश

मुजफ्फरपुर। स्वास्थ्य विभाग ने तीन स्वास्थ्य प्रबंधक को नहीं हटाया है, जबकि डीएम ने स्वास्थ्य प्रबंधक को हटाने के निर्देश दिए थे। इस मामले में डीएम ने सिविल सर्जन डॉ. विनय कुमार शर्मा से पूरी स्थिति पर रिपोर्ट मांगी है।

जानकारी के अनुसार 13 जुलाई 2017 को तत्कालीन डीएम धर्मेंद्र कुमार ने सरकारी अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय कई अनियमितता व कुव्यवस्था सामने आई।

उसके बाद सकरा, मुशहरी और सदर अस्पताल के तत्कालीन प्रबंधक रहे संजीव कुमार, प्रवीण कुमार और रामकृष्ण से जवाब तलब किया गया। जवाब आने के बाद डीएम ने उसकी समीक्षा की।

समीक्षा के बाद स्पष्टीकरण को अस्वीकार्य कर दिया गया। तत्कालीन डीएम धर्मेंद्र सिंह ने तीनों स्वास्थ्य प्रबंधक को चयन मुक्त करते हुए संचिका प्रारूप सहित प्रस्तुत करने का आदेश दिया।

लेकिन उनके आदेश के बाद करीब चार साल बीत गए, लेकिन अब तक जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से डीएम के आदेश का अनुपालन नहीं हुआ। सभी प्रबंधक अपने काम पर डटे हुए है।

इसमें से सदर अस्पताल का प्रबंधक एंटीजन किट कालाबाजारी में नामजद है और करीब एक सौ दिन से ज्यादा से अनुपस्थित है। बताया जाता है कि तत्कालीन डीएम के आदेश पर तीन लेखापाल अजीत कुमार, मनोरंजन कुमार व अमित कुमार को चयन मुक्त कर दिया गया।

लेकिन प्रबंधक का फाइल ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इस बीच डीएम का तबादला हो गया। तीनों प्रबंधक पर तत्कालीन सीएस डॉ. ललिता सिंह ने डॉ. हसीब असगर, डॉ. एस श्वेतांकी व डॉ. हरेंद्र आलोक से जांच कराई। डॉ. हसीब असगर ने बताया कि डीएम ने स्पष्ट आदेश दिया था कि चयन मुक्त करना है। उसके बाद उसकी जांच करना नियम के खिलाफ था। इसलिए जांच टीम ने भी तत्कालीन डीएम के आदेश को अनुपालन करने की रिपोर्ट सीएस को दी। सीएस डॉ. विनय कुमार शर्मा का कहना है कि डीएम का आदेश पालन नहीं होना निंदनीय है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक से दो दिन के अंदर क्या कार्रवाई हुई, उसका अनुपालन प्रतिवेदन मांगा गया है। जवाब आने के बाद अगला कदम उठाया जाएगा। सौजन्य : प्रभात खबर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.