मुजफ्फरपुर। शहर के वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए ऑटो टिपर हैं, लेकिन चार टिपर महीनों से खराब है। लेकिन इसकी मरम्मत कराने में लापरवाही बरती गई।

इसकी शिकायत मिलने के बाद नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने टिपर प्रभारी अशोक मिश्रा को हटाकर जलकार्य शाखा में कार्यरत कर्मी डार्विन कुमार को नया टिपर प्रभारी बना दिया है।

वहीं अशोक कुमार मिश्रा की तैनाती आवास शाखा में कर दी गई है। इसके अलावा अंचल संख्या सात के सफाई इंस्पेक्टर रामबिहारी राम को अंचल संख्या एक का भी अतिरिक्त प्रभारी बनाया गया है।

उन्हें आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए बने कोषांग के प्रभारी से कार्यमुक्त कर दिया गया है।

आवारा पशु कोषांग का प्रभारी अब अंचल संख्या 2 के इंस्पेक्टर अभय कुमार को बनाया गया है।

नगर आयुक्त ने बताया कि वार्ड नंबर 2 में लगभग तीन माह से टिपर खराब है।

मरम्मत कराने में प्रभारी के स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। इसके अलावा भी तीन टिपर खराब है। इससे सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। कार्य के प्रति गंभीर नहीं रहने के कारण टिपर प्रभारी को हटा आवास शाखा में तैनात किया गया है। सौजन्य : प्रभात खबर