मुजफ्फरपुर। वार्ड नंबर 32 के अंतर्गत आने वाले मझौली धर्मदास चौक से आनंद मार्ग चौक भाया गैस गोदाम तक सड़क व नाला निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
जलजमाव की भीषण समस्या झेलने के बाद लोगों की समस्या को देखते हुए नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने इस सड़क के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करा दिया है।

सड़क का कुछ हिस्सा ग्रामीण क्षेत्र में भी पड़ता है। इस कारण इस रोड का निर्माण कराने के लिए नगर आयुक्त ने पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिख दिया है।

66.27 लाख के तैयार एस्टीमेट के साथ नगर आयुक्त ने राशि की स्वीकृति देते हुए विभागीय स्तर पर अविलंब टेंडर कराने का आग्रह किया है।

नगर आयुक्त ने बताया कि इस बार बारिश के दिनों में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास के लोगों को जलजमाव की भीषण समस्या से जूझना पड़ा है।
इससे शहर के भी कई वार्ड प्रभावित है। जब तक इस सड़क व नाला का निर्माण नहीं होगा, तब तक जलजमाव की समस्या बनी रहेगी।
ऐसे में नगर आयुक्त ने अपर मुख्य सचिव से स्वीकृति प्रदान करते हुए अविलंब निर्माण कराने का आग्रह किया है। सौजन्य : प्रभात खबर