
AURANGABAD : औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र में 42 वर्षीय पप्पू तिवारी की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी. घटना की जानकारी लोगों को गुरुवार की सुबह मिली. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है, वहीं इसे लेकर लोगों में जबर्दस्त गुस्सा है और वे सड़क पर उतर गए हैं. प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है.

बताया जाता है कि ओबरा थाना क्षेत्र के खराटी गांव का यह मामला है. वहां बेखौफ अपराधियों ने ललन तिवारी के 42 वर्षीय बेटे पप्पू तिवारी को गोली मार दी. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वहीं अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद आसानी से निकल भागे.सूत्रों के अनुसार रोज की तरह पप्पू तिवारी घर से खाना खाने के बाद पश्चिम दिशा की ओर स्थित खटाल में सोने के लिए चले गये. रात में किस समय उनकी अपराधियों ने हत्या की, इसके बारे पता नहीं चल पाया है.
जब पप्पू तिवारी खटाल से सुबह नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू हुई. खोजते खोजते घर के लोग खटाल पर पहुंचे तो वहां पप्पू तिवारी का शव देख लोगों में कोहराम मच गया. पप्पू तिवारी खटाल में खून से लथपथ पड़े थे. घर के लोगों ने आशंका जतायी है कि रात में सोये अवस्था में ही उनकी हत्या की गई है.
बहरहाल घटना को लेकर लोग काफी आक्रोशित हैं. घटना के विरोध में सड़क को जाम कर दिया है. प्रदर्शन कर रहे लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं. वहीं सूचना मिलने पर ओबरा के थानेदार ब्रजेश कुमार सिंह पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए हैं. घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है, जबकि पुलिस ने छानबीन करने की बात कही है.
