मुंगेर. एके 47 तस्करी मामले में एनएआई की 25 सदस्यीय टीम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह गांव और कासिम बाजार थाना मकससपुर पहुंची। डीएसपी एसके मालवीय के नेतृत्व में पहुंची एनआईए टीम के अधिकारियों ने एके 47 की तस्करी में शामिल मुख्य आरोपी इरफान, इमरान, शमशेर व मंजर खान उर्फ मंजी के बरदह स्थित घर पर छापेमारी की।
टीम ने क्षेत्र की झाड़ियों तक को खंगाल डाला और मंजर के घर की दो महिलाओं को गुप्त स्थान पर ले जाकर पूछताछ की। कासिम बाजार थाना के मकससपुर में हथियार तस्कर सुरेश शर्मा के घर भी छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार कार्रवाई में एनआईए को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी हाथ लगे हैं। दोनों जगहों पर सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक की गई कार्रवाई में बैंक खाते सहित कई अन्य दस्तावेज मिले हैं। हथियार तस्करी मामले में पुलिस ने छापेमारी करते हुए अब तक 21 एके 47 बरामद की है। जिसके बाद मामले की जांच एनआईए कर रही है।
कासिम बाजार थाना क्षेत्र में एनआईए की टीम ने बुधवार की अपराह्न हथियार तस्कर सुरेश शर्मा के घर पर भी छापेमारी की। सुरेश शर्मा को पुलिस इमरान से एके 47 खरीद के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। जिसमें उसने स्वीकार किया था कि इरफान से उसने एक राइफल खरीदी थी।
घर में मिली काली पॉलिथीन को किया जब्त
बुधवार की सुबह लगभग छह बजे पहुंची एनआईए की टीम ने मुफस्सिल थाना के बरदह में हथियार तस्कर मंजर के घर पर छापेमारी की। इस दौरान एनआईए की टीम को महत्वपूर्ण कागजात बरामद हुए है। उसके घर की दो महिलाओं को साथ लेकर मंजर के पुराने घर के पास झाड़ी में एनआईए ने काफी देर तक खोजबीन की। इस दौरान टीम ने मंजर के घर में रखे काले पॉलीथिन को जब्त किया है। इस पॉलीथिन में बैंक खाते सहित कई दस्तावेज बरामद हुए हैं।
इमरान की गिरफ्तारी से खुला था तस्करी का राज
29 अगस्त 2018 को जमालपुर जुबली वेल मोड़ पर से पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी मो. इमरान को तीन एके 47 और 35 मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया था।