बाइकर्स गिरोह ने अपराधियों ने तीन लोगों को निशाना बनाया और उड़ा लिए 7.15 लाख रुपए

मुजफ्फरपुर. बाइकर्स गिरोह का बुधवार को शहर से गांव तक कहर टूटा। अपराधियों ने तीन लोगों को निशाना बनाया और 7.15 लाख रुपए उड़ा लिए। वहीं, रेड क्रॉस एसबीआई से कैश लेकर निकले ग्राहक पर खुजली पाउडर छीट कर सदर अस्पताल रोड में 2 लाख कैश छीनने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की तत्परता से अपराधी भाग निकले।

मिठनपुरा क्लब रोड स्थित एक्सिस बैंक से कैश लेकर निकले फर्टिलाइजर कारोबारी के स्टाफ से 6 लाख रुपए छीन लिए। कटरा के यजुआर में बाइकर्स गिरोह ने सीएसपी संचालक को गोली मार 85 हजार रुपए लूट लिए। सकरा में एनएच-28 पर तीन अपराधियों ने हथियार दिखाकर एयरटेल कंपनी के गार्ड से 30 हजार नकदी व बाइक लूट ली।

कोढ़ा गिरोह के पोस्टर कई बैंकों में चस्पाए
बैंक से निकले ग्राहकों के साथ झपट्टा मारने की घटना में 60 से 70 फीसदी तक कोढ़ा गिरोह की संलिप्तता रही है। बड़े बैंक की शाखाओं में कोढ़ा गिरोह के 8-10 संदिग्धों की तस्वीर के पोस्टर चस्पाए गए हैं। बैंक में तैनात गार्ड को हिदायत दी गई है कि इस तरह के संदिग्ध जब भी शाखा के अगल-बगल में दिखे, तुरंत सूचना दें।

पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली
फर्टिलाइजर व्यवसायी के स्टाफ रवि ने बताया कि आमगोला से कैश लेकर क्लब रोड स्थित एक्सिस बैंक पहुंचा। 6 लाख कैश लेकर करीब पौने 2 बजे निकले। इस बीच दो अपराधियों ने बैग छीन लिया। मिठनपुरा व काजी महम्मदपुर थाने की पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली।

गोली मारकर पीएनबी के सीएसपी संचालक से लूट
कटरा थाना क्षेत्र के यजुआर के पीएनबी के सीएसपी संचालक मुकेश ठाकुर को गोली मार 85 हजार रुपए, बाइक व मोबाइल लूट लिए। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एसकेएमसीएच से पटना रेफर किया गया। मुकेश को कमर में गोली लगी है। परिजनों ने बताया कि मुकेश गायघाट के भुसरा पीएनबी शाखा से राशि लेकर केंद्र पर जा रहा था। उधर, सकरा में एनएच-28 स्थित सिहो पोल फैक्ट्री के नजदीक बाइक सवार तीन अपराधियों ने एयरटेल कंपनी के गार्ड कुढ़नी के चंदहिया निवासी अमरनाथ राय से 30 हजार नकदी व बाइक लूट ली।

व्यवसायी रंजीत कुमार रेड क्रॉस स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से 2 लाख कैश लेकर निकले। स्टेशन रोड में किसी ने उन पर खुजली पाउडर डाल दिया। अपाचे पर सवार दो लड़के बाइक की ओर बढ़े। आशंका होने पर रंजीत ने शोर मचाया। स्थानीय दुकानदार भी पहुंचे। तब तक बाइक सवार दो अपराधी निकल गए।

कटरा में सीएसपी संचालक को गोली मार कर कैश लूटने व मिठनपुरा में 6 लाख कैश छिनतई की घटना को लेकर पुलिस रणनीति के तहत काम कर रही है। आम लोग भी इस तरह की घटना में शामिल असमाजिक तत्वों को चिह्नित करने में गुप्त सहयोग कर सकते हैं।
मनोज कुमार, एसएसपी

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.