मुजफ्फरपुर। शहर में बदलते मौसम के साथ ही मच्छर का प्रकोप बढ़ गया है, इसके कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है, लेकिन शहरवासियों को मच्छर से मुक्ति दिलाने में निगम विफल है।
जलजमाव और गंदगी के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। जिन क्षेत्रों में बारिश के कारण अभी भी जलजमाव है, वहां पर स्थिति और खराब है।

लोगों को दिन में भी मच्छर भगाने की दवा का प्रयोग करना पड़ रहा है। कहीं-कहीं तो दवा का भी असर नहीं हो रहा है। वहीं मच्छरों को नियंत्रण करने के लिए नगर निगम अपनी जिम्मेदारी सही से नहीं निभा पा रहा है।

बताया जाता है कि निगम द्वारा दो तीन माह पर एक बार हर वार्ड में फागिंग कराई जाती है। कुछ वार्डो में एंटी लार्वा दवा का भी छिड़काव कराया जाता है, लेकिन निगम का यह प्रयास नाकाफी साबित हो रहा है।
निगम के पास फांगिंग के लिए आधा दर्जन मशीनें है, साथ ही पर्याप्त मात्रा में स्प्रे मशीन भी है। इसकी सहायता के कभी-कभर अभियान चलाकर खानापूर्ति कर लेता है।


