मुजफ्फरपुर। डीएम प्रणव कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में नशा मुक्ति दिवस (26 नवम्बर )को जिले में होने वाले कार्यक्रमों के सफलता पूर्वक संचालन को लेकर जिलास्तरीय पदाधिकारियों सहित उत्पाद,शिक्षा,जीविका, आईसीडीएस ,जनसम्पर्क आदि के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियो को अंतिम रूप दिया।

डीएम ने जीविका के अधिकारी को निर्देश दिया कि नशा मुक्ति दिवस 26 नवम्बर,2021 को सभी गांवों में जीविका दीदी,आशा,आंगनबाड़ी सेविका एवम ग्रामीणों द्वारा नशा मुक्त बिहार बनाने को लेकर शपथ कार्यक्रम का ससमय सफलता पूर्वक आयोजन करना सुनिशित करेंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों के पोषक क्षेत्रो में प्रभातफेरी कार्यक्रम का आयोजन सुबह 8 से 9 बजे के बीच करवाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही जिला स्तर पर समाहरणालय परिसर से खुदीराम बोस पार्क तक होने वाले प्रभातफेरी की सभी तैयारियां कर लेने का निर्देश दिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि 26 नवम्बर नशा मुक्ति दिवस के दिन माननीय मुख्यमंत्री की उपस्थिति में पटना में होने वाले कार्यक्रम का जिला मुख्यालय,अनुमंडल एवम प्रखंड मुख्यालय मुख्यालय में इसका लाइव स्ट्रीमिंग किया जायेगा। जिला स्तर पर स्थानीय सिकंदरपुर में 11 बजे पूर्वाहन से डीआरसीसी हॉल में लाइव स्ट्रीमिंग किया जाएगा
जहां सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित होगी। फ्लैक्स/होर्डिंग संस्थापन आदि के माध्यम से भी नशा के कुप्रभाव एवं स्वास्थ्य पर होने वाले कुपरिणामों की जानकारी दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण जिले में एक तरफ पूरी सख्ती के साथ प्रभावकारी रूप से नशाबंदी कानून को लागू किया जाएगा वही दूसरी तरफ व्यापक जागरूकता के द्वारा लोगो को जागरूक किया जायेगा। कहा कि आगे आने वाले दिनों में शिक्षा विभाग, जनसंपर्क विभाग, जीविका एवं आईसीडीएस के द्वारा गांव/टोलो ,मुहल्लों, महादलित टोलों में सघन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा


