मुजफ्फरपुर : समाहरणालय सभागार में कोविड-19 टीकाकरण से संबंधित पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएम प्रणव कुमार ने मोतीपुर, मड़वन और मुशहरी के कुल 33 विजेताओं को पुरस्कृत किया। इसमें वैसे लाभार्थी थे जिनका द्वितीय डोज का बाकी निर्धारित हो गया।
निर्धारण के 7 दिन के अंदर उन्होंने द्वितीय खुराक ले लिया था। वैसे लाभार्थियों के बीच लकी ड्रा के माध्यम से विजेताओं का चयन किया गया। उक्त तीनों प्रखंडों से 10-10 विजेताओं को सांत्वना पुरस्कार जबकि 3 को बंपर पुरस्कार दिया गया।
बंपर पुरस्कार विजेताओं में मोतीपुर प्रखंड से रूपन देवी, मड़वन प्रखंड से पंकज कुमार और मुशहरी प्रखंड से प्रीति कुमारी को मिला। डीएम ने कहा कि स्वास्थ विभाग और केयर के द्वारा यह एक अनूठी पहल की गई है, जो कि टीकाकरण के प्रति आम लोगों को उत्साहित करने का एक अनोखा प्रयास माना जा सकता है।
कहा कि ऐसे प्रयास लोगों में टीकाकरण विशेषकर द्वितीय डोज के शत-प्रतिशत आच्छादन की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने उपस्थित विजेताओं को संबोधित करते हुए कहा की निर्धारित अवधि के अंदर दोनों का टीका लेकर आपने अपने जिन दायित्वों का निर्वहन किया है वह काबिले तारीफ है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह उम्मीद रखता है कि आप अपने आसपास के लोगों को भी टीकाकरण के लिए जागरूक करेंगे।
मौके पर सीएस डॉ. विनय कुमार शर्मा, डीपीआरओ कमल सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एके पांडेय, डॉ. सीके दास, डॉ आनंद गौतम,डीपीएम बीपी वर्मा सहित यूनिसेफ, केयर तथा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि गण मौजूद थे। कार्यक्रम में मंच का संचालन केयर के जिला प्रतिनिधि सौरभ तिवारी द्वारा किया गया।

