मुजफ्फरपुर : शहर स्थित जिला स्कूल के सामने इंडियन बैंक अंचल कार्यालय में मेगा ऋण वसूली शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एनपीए संबंधित करीब 100 ऋण खाता धारकों ने भाग लिया।
बैंक के नियमानुसार कुल 525 अनर्जक आस्तियां खाता के अंतर्गत कुल 2.03 करोड़ रुपए के अनर्जक आस्तियों का निस्तारण किया गया। इसकी अध्यक्षता कॉरपोरेट महाप्रबंधक (वसूली) श्री जी महेन्द्रा ने की।
महाप्रबंधक ने उपस्थित ऋण खाताधारकों, बैंक मित्रों, वसूली अभिकर्ताओं बैंक के पैनल अधिवक्ताओं तथा मुजफ्फरपुर जिला स्थित 14 शाखा प्रबंधकों को संबोधित करते हुये अनर्जक आस्तियों के प्रति जागरूक किया।
महाप्रबंधक ने मुजफ्फरपुर अंचल के अधीन सभी 84 शाखा प्रबंधकों को विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये भी अनर्जक आस्तियों के प्रति जागरूक किया।
मुजफ्फरपुर अंचल प्रमुख रेशम लाल चराया ने सभी ऋण खाता धारकों को संबोधित करते हुए कहा कि इंडियन बैंक हमेशा से ही समाज के वित्तीय उत्थान में अग्रणी रहा है और उन्होंने धारकों को बैंक के प्रति अपनी कर्तयनिष्ठता को ध्यान में रखने का आह्वान करते हुए समय से ऋण नहीं जमा करने के दुष्परिणामों के बारे अवगत भी कराया।
उपअंचल प्रमुख रंजीत कुमार चौधरी ने अनर्जक आस्तियां संबंधित ऋण खाता धारको को बैंक के वसूली अभियान में वर्तमान योजनाओं के तहत अधिक से अधिक संख्या में समझौता कर ऋण मुक्त होने के लिए आमंत्रित किया।
इस मेगा ऋण वसूली शिविर में क्षेत्र महाप्रबंधक कार्यालय, पटना के मुख्य प्रबंधक बीके पाल, अंचल कार्यालय मुजफ्फरपुर के मुख्य प्रबंधक राज किशोर प्रसाद, मुख्य प्रबंधक (वसूली) रूपेश नन्दन ,मुख्य प्रबंधक राज कृष्ण नीरज और ऋण वसूली विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




