मुजफ्फरपुर। एंटीजन किट कालाबाजारी का आरोपित लैब टेक्नीशियन ने योगदान के लिए जिला यक्ष्मा पदाधिकारी के यहां आवेदन दिया।

इस पर सीएस डा.विनय कुमार शर्मा ने समीक्षा के बाद जिला यक्ष्मा पदाधिकारी को विधि सम्मत कार्रवाई करने का आदेश जारी किया है।
बताया जाता है कि लैब टेक्नीशियन दीपक कुमार ने जिला यक्ष्मा पदाधिकारी को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि उसके खिलाफ एंटीजन किट कालाबाजारी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
उसे उच्च न्यायालय ने जमानत दी है। इसलिए उनके योगदान को स्वीकृत कर काम करने का मौका दिया जाए। इस संबंध में सीएस ने बताया कि संविदा वाले कर्मियों व स्थायी सेवा वाले कर्मियों के लिए अलग-अलग सेवा शर्त है।
संविदा वाले कर्मी अगर किसी मुकदमा में आरोपी होते हैं, उसके लिए क्या नियम है। इसे देखकर ही आगे की कार्रवाई होगी।
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी को विधि सम्मत कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। मालूम हो कि कोरोना के संक्रमण के समय एंटीजन किट की कालाबाजारी हुई थी। उस समय सदर अस्पताल के तत्कालीन प्रबंधक प्रवीण कुमार समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।


