मुजफ्फरपुर। कोरोना की तीसरी लहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारी चल रही है। इसके लिए सभी पीएचसी प्रभारी व पारा मेडिकल कर्मी को प्रशिक्षण दिया गया है।
कोरोना के इलाज के लिए पांच अस्पतालों का चयन हुआ है। हर पीएचसी में इसके लिए बेड उपलब्ध होगा। सीएस डॉ. विनय कुमार शर्मा के अनुसार जीएनएम, एएनएम, चिकित्सक के साथ एंबुलेंस कर्मियों व अन्य को बारी-बारी से प्रशिक्षण दिया गया है।
पांच अस्पताल में इलाज के लिए 660 बेड तैयार है। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक छात्रावास में सौ, सदर अस्पताल के एमसीएच में 50, एसकेएमसीएच में सौ व बीबी कालेजिएट परिसर में 250 बेड का अस्पताल तैयार है।
इसके अलावा हर प्रखंड में दस-दस बेड तैयार है। यहां पर गंभीर रूप से बीमार मरीज का इलाज होगा। जब जरूरत होगी वहां रोस्टर बनाकर चिकित्सक व पारा मेडिकल की सेवा शुरू कर दी जाएगी।
साथ ही शहर के पांच निजी अस्पतालों को भी चिन्हित किया गया है। उधर, केयर इंडिया के समन्वयक सौरभ तिवारी ने कहा कि तीसरी लहर की संभावनाओं के बीच विभाग बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है।
इसके तहत प्रत्येक पीएचसी से तीन चिकित्सकों को बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण दिया गया है।
जब बच्चे कोविड से संक्रमित हो जाएं तो उनकी स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। पीएचसी में पहले मरीज की हालत को नियंत्रित करने के बाद ही रेफर किया जाएगा।


