मुजफ्फरपुर। कोरोना टीकाकरण का पोर्टल खुलने पर वैक्सीनेशन के लिए किशोरों ने निबंधन कराना शुरू कर दिया। इसके अंतर्गत शहरी क्षेत्र के एक हजार और ग्रामीण इलाके 19 सौ किशोर शामिल है।
बताया जाता है कि तीन जनवरी को सभी किशोर अपने पास के सलॉट बुक कराए गए वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर कोरोना का टीका लेंगे। जिला प्रशिक्षण पदाधिकारी डॉ. एके पांडेय के अनुसार शनिवार सुबह 8 बजे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल खोला गया है।
शहरी क्षेत्र के 13 समेत 126 वैक्सीनेशन सेंटर पर रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ। शनिवार शाम पांच बजे तक 2900 किशोरों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। पोर्टल खुला रहने से आनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
सिविल सर्जन डा. विनय कुमार शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की ओर से सभी विद्यालयों में अभिभावक की बैठक होगी।
रविवार को वैक्सीनेशन के बारे में नामांकित बच्चों के अभिभावकों को जानकारी दी जाएगी, ताकि वे सोमवार से होने वाले वैक्सीनेशन में अपने बच्चों को टीकाकरण कराने में सहयोग कर सकें।
विशेष बात यह है कि ऑनलाइन के अलावा ऑफलाइन भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है। स्कूल के पहचान-पत्र पर भी टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
पहले दिन प्रत्येक सेंटर पर 200 किशोरो को टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। टीका की कमी नहीं होगी।

