मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर का एक ऐसा गांव जहां महिलाएं सिपाही से लेकर कर्नल तक के पद पर तैनात है। कड़ी लगन और मेहनत के दम पर बहू-बेटियां बखूबी सेना से लेकर सिपाही में योगदान कर अपना लोहा मनवा रही है।
मुजफ्फरपुर के सकरा प्रखंड के जगदीशपुर-बघनगरी गांव की कर्मठ महिलाएं सेना और सिपाही में अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रही है। जो स्थानीय गांवों के लिए यह मिसाल कायम किया है।
बताया जाता है कि गांव की आबादी 1800 के करीब है। इनमें 200 से अधिक महिलाएं सरकारी से लेकर निजी संस्थाओं में बड़े पदों पर कार्यरत है। इसमें एक कर्नल, चालीस शिक्षक-प्रोफेसर, पांच चिकित्सक, 50 इंजीनियर, एक-एक डीपीओ, रजिस्ट्रार व गार्ड, 20 नर्स, 24 सेविका-सहायिका और दो सिपाही सहित अन्य पदों पर कार्यरत है।
इनमें अधिकांश महिलाओं की शिक्षा-दीक्षा गांव के स्कूल से लेकर मुजफ्फरपुर शहर के शिक्षण संस्थानों से हुई है। बताया जाता है कि गांव के रामसागर मिश्र की बहू डॉ. साधना पुणे में कर्नल के पद पर तैनात है।
उनकी पोती भारतीय प्रबंधन संस्थान (आइआइएम), कोझिकोड से प्रबंधन की पढ़ाई कर रही है। गांव की डॉ.अर्चना मिश्रा नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्रोफेसर हैं, जबकि निरूपा शर्मा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर तैनात हैं।
अंजलि मिश्रा इंदौर में रजिस्ट्रार हैं। नीलू कुमारी सिपाही हैं। शिक्षिका कुमारी मीरा व सुगम कुमारी कहती हैं कि शिक्षा की वजह से समाज में बदलाव आया है। महिलाएं जागरूक हुई हैं।
यहां की महिलाएं आसपास के गांवों के लिए प्ररेणास्रोत हैं। बेंगलुरु में कार्यरत साफ्टवेयर इंजीनियर दिव्या कुमारी बताती हैं कि यहां की महिलाएं पुरुषों की तुलना में करियर के प्रति ज्यादा संवेदनशील हैं।
नानी-दादी के अलावा गांव की अन्य बुजुर्ग महिलाओं को कामकाजी देख अपने पैरों पर खड़ा होने की सीख मिली।

