बिहार में कोरोना के संक्रमण की दर दो फीसदी से नीचे आ गई है। राज्य में शुक्रवार को 3009 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान की गई। पिछले 24 घंटे में संक्रमण की दर 2.30 फीसदी से घटकर 1.97 फीसदी हो गई।

वहीं, राज्य के 12 जिलों में संक्रमण दर एक फीसदी या उससे कम और 14 जिलों में एक से दो फीसदी या उससे कम है। तीन फीसदी से कम संक्रमण दर छह जिलों में और 4 व 5 फीसदी से कम संक्रमण दर क्रमश: तीन-तीन जिलों में है।

पटना में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के मामले में कमी आई किंतु संक्रमण की दर में बढ़ोतरी दर्ज की गयी। पटना में संक्रमण की दर सर्वाधिक 10.81 फीसदी से बढ़कर 12.07 फीसदी हो गई।

राज्य में पिछले सात दिनों से कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है। सिर्फ 18 जनवरी को आंशिक बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद पिछले चार दिनों में लगातार संक्रमण के मामले कम हुए हैं।