मुजफ्फरपुर। पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर किशोरों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है।
प्रत्येक पंचायत में लगाए जाने वाले शिविर में दो सौ किशोरों को टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। जहां टीकाकरण होगा, वहां पर चिकित्सक मौजूद रहेंगे।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ.एके पांडेय के अनुसार अभी तक जिले में एक लाख 69 हजार 796 को टीका दिया गया है। कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए किशोर-किशोरियों का टीकाकरण कराया जा रहा है।
15 से 18 वर्ष तक के किशोरों के लिए विशेष शिविर होगा। यह अभियान सोमवार से चलेगा। इसके लिए जनप्रतिनिधि व वार्ड पार्षद से मदद ली जाएगी।
वह अपने इलाके के किशोर व किशोरियों को टीकाकरण शिविर में लाएंगे। अभी तक जिले में कुल 48 लाख 65 हजार 155 को कोरोना वैक्सीन दी गई है।
28 लाख 72 हजार 569 को पहली खुराक, 19 लाख 79 हजार 305 को दूसरी खुराक तथा 13,281 को सतर्कता खुराक दी गई है। यह अभियान लगातार जारी है।


