मुजफ्फरपुर। बिहार बंद को लेकर शहर के चौक-चौराहों और रेलवे स्टेशन पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। आरआरबी-एनटीपीसी की परीक्षा में धांधली को लेकर बिहार बंद के आह्वान पर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पर है।

विधि व्यवस्था नियंत्रित करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से रोकने के लिए स्टेशन समेत सभी प्रमुख चौराहों पर मजिस्ट्रेट एवं बड़ी संख्या में बलों की तैनाती की गई है। इस संबंध में एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश ने आदेश जारी किया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि कई संगठनों द्वारा बंद का आह्वान किया गया है। बंद के दौरान सरकारी कार्यालय, सड़क, रेल, अस्पताल, बस स्टैंड आदि को क्षति पहुचाएं जाने की आशंका है।
ऐसी स्थिति में विधि व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। सरकारी संपत्ति को भी क्षति पहुंचाने से बचाने की जरूरत है। इसे देखते हुए शहर के प्रमुख चौराहों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाती है।
बताया जा रहा है कि सरैयागंज टावर चौक, कल्याणी चौक, बस स्टैंड इमलीचट्टी, जूरन छपरा चौक, कंपनीबाग चौक, ब्रह्मपुरा चौक, लक्ष्मी चौक, कलमबाग चौक, रेलवे स्टेशन, मिठनपुरा चौक, माड़ीपुर चौक, भगवानपुर चौक व बनारस बैंक चौक पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
वहीं बिहार बंद को लेकर रेलवे अलर्ट मोड में है। आंदोलनकारियों से निपटने के लिए रेलवे ने पूरी तरह से तैयार है। मुजफ्फरपुर जंक्शन के चप्पे-चप्पे में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।
रेल अधिकारी और अफसर इसकी पल-पल की मानिटरिंग कर रहे है। रेल अधिकारियों का कहना है कि फरवरी में रेलवे भर्ती एनटीपीसी की होने वाली परीक्षा जब स्थगित कर दी गई है तो छात्रों को आंदोलन रोक देना चाहिए। उनका यह भी कहना हैं कि रेल रोकने वाले लोगों के परिवार के सदस्य भी सफर में हो सकते हैं। उन्हें भी तो उसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए बिना सोचे-समझे रेल क्षेत्र को निशाना नहीं बनाया जाए।
