मुजफ्फरपुर। सदर अस्पताल में दो दिनों में रोस्टर लागू होने से प्रसव कक्ष में चौबीस घंटे सुविधा मिलेगी। निरीक्षण को आई केंद्रीय टीम के साथ सीएस डॉ.विनय कुमार शर्मा की ओर से समीक्षा की गई।
सबकी जवाबदेही तय की गई। परिसर में कचरे की डंपिंग के लिए अलग से भवन बनेगा। जहां से मेडिकल कचरे को निष्पादन के लिए भेजा जाएगा। इसके साथ प्रखंड स्तर से 15 एएनएम को प्रतिनियुक्ति पर लाया जाएगा।
लक्ष्य योजना के तहत चयनित करने के लिए परिवार कल्याण मंत्रालय से जुड़े राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र के कंसलटेंट डा. इनामुल कंबल खोखर ने सिविल सर्जन डा. विनय कुमार शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बीपी वर्मा, सदर अस्पताल के प्रबंधक व लेखापाल और केयर इंडिया के प्रतिनिधि संग मंथन कर दूसरे जिले के दौरे पर निकल गए।
सीएस ने कहा कि मेडिकल कचरा के लिए अलग से एक भवन बनाया जाएगा, जहां मेडिकल कचरे को रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्था बहाल होने के बाद स्टेट व नेशनल टीम आकर एमसीएच का निरीक्षण करेगी। यहां पर चिकित्सक व एएनएम का रोस्टर हर हाल मे लागू किया जाएगा। सीसी कैमरे से सारी सुविधा की निगरानी होगी।



