मुजफ्फरपुर। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट निर्धारित समय सीमा में कैसे पूरा होगा। दरअसल नाला का धीमी गति से काम चल रहा है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत धर्मशाला चौक से स्टेशन रोड होते हुए मालगोदाम चौक तक तीन महीने बाद फिर से नाला का निर्माण शुरू किया गया है।

इसके लिए स्टेशन रोड में दो प्वाइंट पर एक लेन की घेराबंदी कर काम किया गया। इसके अलावा धर्मशाला चौक से स्टेशन की ओर से बाएं लेन को सदर अस्पताल मोड़ तक घेरा गया है। वहीं, पेट्रोल पंप से आगे एक लेन को घेरकर एजेंसी के कर्मी काम में जुटे थे।
दो स्थानों पर एक ही लेन से आवागमन होने से दिनभर में कई बार जाम की स्थिति बन गई। आने वाले दिनों में इंटर की परीक्षा भी शुरू होने वाली है। इस वजह से ट्रैफिक का दबाव और अधिक बढ़ेगा। बताया जाता है कि स्टेशन रोड में तीन माह पहले नाला निर्माण के लिए हुई खुदाई के बाद कोई काम नहीं हुआ।
कुछ जगहों पर सरिया बिछाई गई। इतने लंबे समय से नाला पानी से लबालब है। मालगोदाम चौक के पास सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी है। इसलिए अलग-अलग जगहों पर पंप लगाकर पानी खींचा जा रहा है ताकि निर्माण की गति को आगे बढ़ाया जा सके।
स्टेशन रोड के दोनों लेन में कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े बिखरे पड़े हैं। इससे दोपहिया वाहन सवारों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
हाल में डिप्टी सीएम की ओर से दिए गए अल्टीमेटम के बाद पानी खींचने के साथ काम की शुरुआत हुई है। बैरिया से लक्ष्मी चौक होते हुए ब्रह्मपुरा स्टेशन, धर्मशाला चौक तक स्मार्ट सड़क-नाला का निर्माण होना है।

