पटना. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (Video Conferencing) के माध्यम से आज यानी सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (PM Awas Yojna Gramin) एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना (CM Gramin Awas Yojna) की कार्य प्रगति की समीक्षा बैठक की. ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा निर्देश दिया गया है कि सभी योग्य लाभुकों का आवास बनना चाहिए, कोई भी छूटे नहीं. जमीनी स्तर पर निरंतर इसकी समीक्षा करते रहें. प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण के कार्य में तेजी लाएं

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत अभी तक 26,94,118 आवास स्वीकृत किये जा चुके हैं. प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण को पूर्ण करने के मामले में बिहार देश में तीसरे स्थान पर है. मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत अब तक 13,199 आवास स्वीकृत किये जा चुके हैं, जिसमें 8,753 पूर्ण हो चुके हैं.
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि योजना ग्रामीण के तहत जिन लाभार्थियों का आवास स्वीकृत हो चुका है और उनके पास अपनी जमीन नहीं है, उन्हें मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय सहायता योजना के तहत 60 हजार रुपये की राशि भूमि खरीदने के लिए मदद दी जा रही है. जिन लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है हमारा लक्ष्य है कि फरवरी तक हम सभी को लाभ पहुंचा दिया जाए.