मुजफ्फरपुर : शहर के भगवानपुर के अल्कापुरी निवासी ऋतुराज का चयन एनडीए में हुआ है। उन्होंने यह सफलता दूसरे प्रयास में पाई है। उन्होंने देश में 263 वीं रैंक हासिल की है।
हालांकि प्रथम प्रयास में वे सर्विस सेलेक्शन बोर्ड में इंटरव्यू के आखिरी दिन बाहर हो गए थे, लेकिन ऋतुराज ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी कमियों पर काम करते हुए फिर से तैयारी की और आखिरकार सफलता पाकर ही दम लिया।
मूल रूप से पारू प्रखंड के कुंआरी गांव के रहने वाले ऋतुराज भगवानपुर के अल्कापुरी मोहल्ले में रहते है। पिता प्रमोद कुमार सेना में जबकि मां रिंका देवी एएनएम है।
तीन भाइयों में ऋतुराज सबसे छोटे है। दो बड़े भाई पीजी और स्नातक की पढ़ाई कर रहे है। ऋतुराज ने नौवीं और बारहवीं तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल चितौड़गढ़, राजस्थान से की है।
18 अप्रैल 2021 को उन्होंने एनडीए की लिखित परीक्षा दी। इसका परिणाम 31 जुलाई को जारी किया गया। प्रयागराज में उनका एसएसबी इंटरव्यू हुआ। 6 से 10 अक्टूबर तक अलग-अलग राउंड को क्लियर किया।
सफलता के लिए क्या हैं जरूरी
ऋतुराज ने बताया कि 11 वीं और 12 वीं का कांसेप्ट क्लियर होना चाहिए। बेहतर रिसोर्स के लिए ऑनलाइन माध्यमों का चयन कर सकते है। केवल पढ़ाई ही नहीं बल्कि ओवरऑल पर्सनालिटी बेहतर करने पर फोकस हो।
इसके लिए एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटीज में भी समान रूप से एक्टिव होना अनिवार्य है। कम्युनिकेशन स्किल को बेहतर करने के लिए हॉलीवुड फिल्में देखें और अंग्रेजी अखबार नियमित पढ़ें। करेंट अफेयर्स और जीएस को बेहतर रखने के साथ-साथ देश-दुनिया की घटनाओं से अपडेट रहना होगा।
