पटनाः बिहार में जहरीली शराब से छपरा, नालंदा समेत कई जिलों में लोगों की मौ’त हो चुकी है. लगातार इसको लेकर विपक्ष सवाल भी खड़े करता रहा है. इधर, जेडीयू के विधायक गोपाल मंडल (Gopal Mandal) ने अजीबोगरीब बयान दिया है. उन्होंने यहां तक कह दिया कि लोग मर रहे हैं तो जगह भी तो खाली होनी चाहिए. अगर ऐसे ही मरते रहेंगे तो जनसंख्या भी घटेगी.
गोपाल मंडल ने कहा कि जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) बोल रहे हैं, मना कर रहे हैं तो फिर आप दारू क्यों पीते हैं? नीतीश कुमार ने पहले ही कहा है कि पीयोगे तो मरोगे. लोग पीते क्यों हैं, मरने ही के लिए, जगह भी तो खाली होनी चाहिए. अगर ऐसे ही मरते रहेंगे तो जनसंख्या घटेगी. बॉर्डर सील कर दिए गए हैं इसलिए कम शराब आ रही है. खेत के रास्ते शराब लाई जाती है. गरीब आदमी के लिए ही शराब बंद की गई, ऐसे में बनाई हुई शराब पीएगा कोई तो मरेगा ही.
