सीतामढ़ी में बुधवार की देर रात व्यवसायी के घर डकैती हुई। डकैतों ने जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आबकारी चौक निवासी व्यवसायी राकेश प्रसाद के घर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया। व्यवसायी के घर में करीब रात के करीब 1:00 बजे हथियारबंद डकैत घर के मुख्य दरवाजे से अंदर घुसे। इसके बाद घर के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया।
पीड़ितों ने बताया, डकैतों ने व्यवसायी के घर में घुसने से पहले पड़ोसियों के घर के बाहर गेट में ताला मार दिया था। अंदर घुसते ही डकैतों ने घर के सदस्यों को पिस्टल के बल पर बंधक बनाया और सभी को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद सभी डकैतों ने घर में रखे मोबाइल फोन जब्त कर लिया। ताकि किसी को सूचना ना दिया जा सके। डकैतों ने करीब डेढ़ घंटे तक घर के कोने-कोने में तलाशी लेकर 7 लाख नगद समेत 40 तोला सोने, चांदी के जेवरात समेत 35 लाख रुपए की संपत्ति लूट ली।
घटना के बाद स्थानीय थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। वहीं सदर डीएसपी रामाकांत उपाध्याय भी घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया।

सदर डीएसपी रामाकांत उपाध्याय ने बताया- रात को ही छापेमारी को लेकर नेपाल बॉर्डर के उस पार छापेमारी की गई। डकैतों का सुराग भी मिला है। लेकिन डीएसपी ने बताया कि नेपाल में गिरफ्तारी करना आसान नहीं है। वरीय अधिकारी के सूचना के बाद ही कुछ अन्य कार्रवाई की जाएगी। तत्काल स्क्वायड डॉग को मंगा कर जांच की गई लेकिन डॉग भी बॉर्डर पर जाकर रुक गया। इससे यह प्रतीत हो रहा है कि सभी डकैत घटना को अंजाम देने के बाद नेपाल के रास्ते फरार हो गए हैं।