मुजफ्फरपुर। गर्मी के मौसम में बच्चों को एईएस बीमारी से बचाने के लिए आशा घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों की पहचान करेंगी। इसके बाद कुपोषित बच्चे को सदर अस्पताल स्थित जिला पोषण पुनर्वास केंद्र पर लाकर उसका इलाज कराया जाएगा।
जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी डा. सतीश कुमार ने बताया कि एईएस को लेकर प्रशिक्षण का कार्यक्रम होगा। उसके बाद खोज अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि अति गंभीर कुपोषित बच्चों पर सामान्य बच्चे की तुलना में 9 से 11 गुना मृत्यु का खतरा अधिक होता है।
पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की होने वाली 45 फीसद मृÀत्यु का कारण अतिगंभीर कुपोषण होता है। आशा, आंगनबाड़ी सेविका के साथ मानक से कम वजन वाले नवजात बच्चों की भी सूची तैयार करेंगी।
जिन बच्चों में लक्ष्ण दिखाई देंगे एएनएम की मदद से उन्हें स्वास्थ्य केंद्र या पुनर्वास केंद्र पर रेफर किया जाएगा। यहां भर्ती होने वाले बच्चों के साथ उनकी माता को भी सेहत के लिए जरूरी दवा और खुराक दी जाएगी।
ऐसे बच्चों को सही इलाज मिलने पर एईएस के दुष्प्रभाव से बचाया जा सकता है। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाकर गांव स्तर से सूची मंगाकर इसके आधार पर कार्रवाई होगी।


