मुजफ्फरपुर। इंटर परीक्षा के अंतिम दिन विद्यार्थियों को कोरोना का टीका दिया जाएगा। इसका मकसद कोरोना टीकाकरण की रफ्तार को तेज करना है।
जिला प्रतिरक्षण पदधिकारी डा.एके पांडेय ने बताया कि कुढऩी, मुशहरी, कांटी, बोचहां पीएचसी के साथ शहरी पीएचसी के प्रभारी को इसके लिए पत्र दिया गया है।
अंतिम दिन हर जगह पर छात्रों की संख्या के हिसाब से टीम भेजी जाएगी। पहला व दूसरा दोनों खुराक दिया जाएगा। दो दिन के अंदर प्लान बना लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार जिले में 65 केंद्र चिह्नित किए गए हैं। हर केंद्र पर दो सौ छात्र का लक्ष्य रखा गया है। अगर किसी केंद्र पर ज्यादा छात्र होंगे तो वहां पर अतिरिक्त टीम दी जाएगी।
डीएम प्रणव कुमार की देखरेख में यह अभियान चलाया जाएगा। यहां पर टीम जाकर टीका देगी। इसके लिए टीका की कमी नहीं होने दी जाएगी। युवाओं को कोवैक्सीन की खुराक दी जा रही है।

इधर, सदर अस्पताल में प्रतिदिन सुबह से लेकर शाम की पाली में भी टीकाकरण चल रहा है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने कार्ययोजना को लेकर मंथन किया। टीकाकरण में सहयोग करने वाली सभी गैर सरकारी एजेंसी का पूरा सहयोग लिया जाएगा। लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।
