सिवान थाना क्षेत्र के बड़हरिया-मीरगंज मुख्यमार्ग में बड़सरा और खानपुर मोड़ के बीच शुक्रवार की शाम में दो बाइकों की सीधी टक्कर में एक बाइक चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई,जबकि दूसरा घायल हो गया। मृतक नरहरपुर निवासी हरिकिशुन राम का 24 वर्षीय पुत्र कन्हैया राम है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि कन्हैया राम शुक्रवार को अपनी बाइक से नौनिहाल छक्का टोला से खानपुर मोड़ की ओर जा रहा था। वहीं दूसरी ओर एक युवक बाइक से गैस सिलेंडर लेकर आ रहा था तभी बड़सरा मोड़ के पास दोनों बाइक की सीधी टक्कर हो गई। जिसमें कन्हैया राम की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि दूसरा छक्का टोला निवासी सनौवर घायल हो गया जिसे ग्रामीणों ने स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता हरिकिशुन राम ने बताया कि छक्काटोला के मकबूल हसन के बेटे सनौवर इमाम उर्फ लल्लू की बाइक की चपेट में आने से उनके पुत्र कन्हैया राम की मौत हुई है। बता दें कि कन्हैया चार दिनों से अपने मामा के घर छक्काटोला में ही रह कर काम कर रहा था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।