अगर आप पटना में किसी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं तो जरा सावधान रहें क्योंकि हो सकता है कि मौका लगते ही कोई शातिर चोर आपका लाखों का सामान या गहने उड़ा ले।

दरअसल पटना में शादी समेत अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के दौरान शातिर चोरों द्वारा मौका लगते ही आभूषण और सामान गायब करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

एक बार फिर से पटना के एक बड़े होटल में मेहमान के वेश में आकर चोरों ने चोरी के एक बड़ी घटना को अंजाम देकर खलबली मचा दी है, हालांकि घटना की सारी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है।

घटना पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के होटल मौर्या की है। पटना के होटल मौर्या की सुरक्षा और व्यवस्था काफी पुख्ता मानी जाती है लेकिन इसके बावजूद थोड़ी सी असावधानी ने चोरों को एक बड़ा मौका दे दिया।

इस घटना के बाद एक तरफ जहां होटल के मैनेजमेंट का पूरा सिस्टम जांच में जुटा हुआ है तो वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन बच्चा गिरोह को खोजने में लगा है। यह पूरी घटना रविवार को होटल मौर्या में सगाई कार्यक्रम के दौरान हुई है।

