MUZAFFARPUR: परीक्षा देने के बाद जंक्शन पर परीक्षार्थियों का हंगामा, इंजन और एसी बोगी पर चढ़कर किया बवाल

मुजफ्फरपुर. बीपीएससी की परीक्षा में छात्र आरबीआई के गवर्नर कौन वाले सवाल पर थोड़े सहम गए। प्रश्न में दिए गए विकल्प में आरबीआई के नए गवर्नर का नाम नहीं अंकित था। ऐसे में छात्रों को एक पल उस सवाल पर सोचना पड़ा। इसके बाद छात्रों ने इनमें से कोई नहीं का विकल्प चुना।

शहर में रविवार को 34 केंद्रों पर बीपीएससी की परीक्षा में कुल 14281 स्टूडेंट्स उपस्थित हुए। वहीं 6009 स्टूडेंट्स ने अपनी परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा 12 से 2 बजे तक हुई। दोपहर बाद केंद्र से परीक्षार्थियों की भीड़ निकलने से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के मुकम्मल इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर पुलिस की गश्ती के साथ-साथ दंडाधिकारी भी तैनात थे। 10 बजे से ही परीक्षार्थियों को एंट्री की व्यवस्था शुरू हो गई। सघन जांच के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश मिला।

सीटिंग अरेंजमेंट पर दिया गया खासा ध्यान : परीक्षा में सीटिंग अरेंजमेंट पर खासा ध्यान दिया गया था। सिटिंग प्लान में यह स्पष्ट कर दिया गया था कि दो परीक्षार्थियों के बीच इतनी दूरी बरतनी थी ताकि वे एकदूसरे की उत्तरपुस्तिका को नहीं देख सके। केंद्रों पर इसका अनुपालन किया गया। वहीं महिला परीक्षार्थियों की जांच के लिए महिला सिपाही की व्यवस्था की गई थी।

इतिहास से पूछे गए ज्यादा सवाल : केंद्र से परीक्षा देकर निकल रहे परीक्षार्थी राहुल ने बताया कि इस वर्ष इतिहास से ज्यादा सवाल पूछे गए थे। इस कारण वैसे छात्र जिनका इतिहास बेहतर है उन्हें सहूलियत हुई। बताया कि निगेटिव मार्किंग नहीं होने से सभी सवालों को हल कर दिया। दो घंटे की परीक्षा में 150 अंक के वस्तुनिष्ठ सवाल पूछे गए थे।

ट्रैक पर उतरे यात्री, अभ्यर्थियों ने की हूटिंग
परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में परीक्षार्थी जंक्शन पहुंचे। हाजीपुर, समस्तीपुर व मोतिहारी की ओर जाने वाले परीक्षार्थी ट्रेन का इंतजार करते रहे। इस बीच मिथिला एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, छपरा-टाटा, मौर्य एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों पर कब्जा जमा लिया। भीड़ के कारण ट्रेन आने के समय कुछ लोग ट्रेन में दूसरी ओर से चढ़ने के क्रम में बीच ट्रैक पर खड़े हुए, तो कुछ आपात खिड़की से चढ़ने लगे।

कई बार हूटिंग से महिला यात्रियों को बेहद पेरशानी हुई। इधर, भीड़ के कारण ट्रेन में चढ़ने से वंचित होने पर कुछ युवकों ने पवन व स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस को कई बार वैक्यूम किया। इससे ट्रेन जंक्शन पर रुकी रही। हालांकि, आरपीएफ के गश्ती दल ने तुरंत वैक्यूम को ठीक कराकर ट्रेन को आगे बढ़ाया।

पवन एक्सप्रेस की एसी बोगी के शीशे तोड़े
बीपीएससी की परीक्षा देने के बाद घर लौटने के क्रम में परीक्षार्थियों ने आधा दर्जन ट्रेनों पर कब्जा जमाया और जंक्शन पर जमकर हंगामा किया। वहीं पवन एक्सप्रेस की एसी बोगी के शीशे तोड़ दिए। उन्होंने पवन व स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के इंजन व एसी बोगी में बवाल किया। भीड़ के कारण जंक्शन पर तीन घंटे अफरातफरी की स्थिति रही। हंगामे से अाम यात्री ट्रेन में नहीं चढ़ सके।

कई यात्रियों ने आरपीएफ व एएसएम से शिकायत की। फिर आरपीएफ व जीआरपी जवानों की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हुई। वहीं यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाया गया। परीक्षार्थियों के स्लीपर व एसी बोगी में कब्जा जमाने से आम यात्रियों को काफी परेशानी हुई। गौरतलब है कि रविवार को शहर के 34 सेंटरों पर बीपीएससी की परीक्षा थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.