चार साल पहले किसी ने सोचा था कि कांग्रेस नेताओं को सजा मिलने लगेगी : प्रधानमंत्री

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर कांग्रेस को करारा जवाब दिया है। उन्होंने यहां मुंबई में एक निजी चैनल के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रश्नों के जरिए सरकार के चार साल के कार्यकाल पर उठाए सवालों का जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि क्या चार साल पहले किसी ने सोचा था कि हेलिकॉप्टर घोटाले का राजदार भारत में होगा और 1984 के सिख नरसंहार के दोषी कांग्रेस नेताओं को सजा मिलने लगेगी। राफेल मुद्दे पर मोदी ने सु्प्रीम कोर्ट की ओर से मिली क्लीन चिट की बात दोहराई। पीएम ने कहा, ‘हम ऐसी व्यवस्थाओं को तोड़ रहे हैं, खत्म कर रहे हैं, जिन्होंने दशकों से देश के विकास को रोक रखा था।’
उन्होंने कहा, ‘हमारे यहां एक साइकोलॉजी रही है कि जब सरकार के खिलाफ आरोप लगाते हुए कोई अदालत में जाता है, तो माना जाता है कि सरकार गलत होगी और आरोप लगाने वाला सही। घोटाले हों, भ्रष्टाचार के आरोप हों, यही एक मानसिकता रही है लेकिन ये पहली बार हुआ है, जब कोई सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए देश की सबसे बड़ी अदालत गए और वहां से उन्हें दो टूक जवाब मिला, कि जो काम हुआ है वो पूरी पारदर्शिता से हुआ है। क्या चार पहले किसी ने ऐसा सोचा था?’
पीएम मोदी ने कहा कि मीडिया को सवाल पूछना पसंद है, ऐसे में वे भी कुछ सवाल करना चाहते हैं। जिसके बाद मोदी ने कुछ सवाल पूछे। उन्होंने पूछाः

– चार साल पहले ये भी किसी ने नहीं सोचा था कि एक दिन हेलीकॉप्टर घोटाले का इतना बड़ा राजदार, क्रिश्चियन मिशेल भारत में होगा, सारी कड़ियां जोड़ रहा होगा?
– चार साल पहले ये भी किसी ने नहीं सोचा था कि 1984 के सिख नरसंहार के दोषी कांग्रेस नेताओं को सज़ा मिलने लगेगी, लोगों को इंसाफ मिलने लगेगा?

– क्या चार साल पहले किसी ने सोचा था कि भारत एक बार में सौ सैटेलाइट छोड़ने का रिकॉर्ड बनाएगा, गगनयान के लक्ष्य पर काम करेगा?
क्या चार साल पहले किसी ने सोचा था कि भारत में नेशनल वॉटरवेज एक सच्चाई बन जाएंगे, कोलकाता से एक जहाज गंगा नदी पर चलेगा और बनारस तक सामान लेकर आएगा?
देश की अलग तस्वीर

पीएम मोदी ने कहा कि आज देश की तस्वीर बदल चुकी है। उन्होंने कहा 2014 के पहले की एक तस्वीर है जहां मोबाइल बनाने वाली सिर्फ 2 कंपनियां थीं। आज उन्हीं मोबाइल मैन्यूफैक्टरिंग कंपनियों की संख्या बढ़कर 120 के पार हो गई है। मोदी ने कहा कि 2014 के पहले की एक और तस्वीर है, जहां टैक्स देने वालों की संख्या 3 करोड़ 80 लाख थी। अब इस साल ये संख्या बढ़कर लगभग 7 करोड़ हो चुकी है
सत्य की शक्ति पर भरोसा हैः मोदी

पीएम मोदी ने कहा, ‘पिछले 4 साढ़े चार साल में, मैं इसी स्थिति को बदलने का प्रयास कर रहा हूं, देश को पीछे ले जाने वाली बंदिशों को तोड़ने का काम कर रहा हूं। कुछ लोग देश को भ्रमित करने में जुटे हुए हैं। लेकिन मुझे सत्य की शक्ति पर भरोसा है, और सत्यनिष्ठ देशवासियों पर भरोसा है।’ उन्होंने कहा कि हमारी सरकार, समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए काम कर रही है, देश के सामने जो चुनौतियां हैं, उनके स्थाई समाधान की ओर बढ़ रही है। हम ऐसी व्यवस्थाओं को तोड़ रहे हैं, खत्म कर रहे हैं, जिन्होंने दशकों से देश के विकास को रोक रखा था।’

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.