मुजफ्फरपुर : एईएस के हाई रिस्क जोन में कौन प्रखंड है शामिल, जानें..

मुजफ्फरपुर। एईएस को लेकर लोग चिंतित है। बताया जा रहा है कि एईएस के हाई रिस्क जोन में अब जिले के छह प्रखंड को शामिल किया गया है। पिछले एक दशक से ज्यादा समय से पांच प्रखंड मीनापुर, कांटी, मुशहरी, बोचहां, मोतीपुर हाई रिस्क जोन में थे, लेकिन पिछले दो साल से लगातार मरीज मिलने के कारण इस बार पारू को भी शामिल किया गया है।

जिला वेक्टरजनित रोग पदाधिकारी डा.सतीश कुमार के अनुसार हाईिरस्क जोन वाले प्रखंड में अन्य की अपेक्षा विशेष प्रबंध किया जाता है। अप्रैल, मई, जून व जुलाई चार माह में ही एईएस के ज्यादा मरीज आते हैं।

इसलिए अप्रैल से एक्शन मोड में काम होगा। 10 मार्च तक सारी तैयारी कर लेनी है। 30 मार्च तक जिले से वरीय पदाधिकारी प्रखंड का दौरा कर वहां की तैयारी का जायजा लेंगे। स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, बाल विकास परियोजना समेत अन्य 31 विभाग का समन्वय बना है।

सबके साथ अप्रैल व मई में हर 15 दिन में सबकी भूमिका की समीक्षा होगा। पीएचसी प्रभारी अपनी रिपोर्ट सीएस कार्यालय को देंगे। जून व जुलाई में हर सात दिन पर समीक्षा होगी। इस बीच मुखिया सहित पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधियों को भी एईएस के कारण व बचाव के बारे में जानकारी दी जाएगी।

अगर उनके गांव में कोई बच्चा बीमार होता है तो उसके लिए वह क्या करे। केयर इंडिया के जिला समन्वयक सौरभ तिवारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के साथ केयर इंडिया की टीम हर स्तर पर सहयोग कर रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.