बेतिया : बिहार में भी समंटर किनारे जैसा उठाएं आनंद, जानें पूरा मामला…

बेतिया। जब इंसान काम करते-करते थक जाए तो एक ब्रेक की जरूरत होती है। इसके लिए सैर सपाटा एक बेहतर विकल्प माना गया है। जब हम अपने देश में सैर सपाटे की बात करते हैं तो गोवा और उसके समंदर के किनारे की तस्वीर हमलोगों के सामने आ जाती है, लेकिन बिहार से इसकी दूरी और खर्चे की वजह से मन मसोस कर रहना होता है। अब ऐसा नहीं होगा।

बिहार सरकार ने इस दिशा में गंभीर कदम उठाने का फैसला किया है। गोवा व चेन्नई के सी बीच का आनंद अब बिहार में ही उपलब्ध कराने का फैसला किया गया है। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। यहां वाटर स्पोर्ट्स की सुविधा मिलेगी। पैरासेलिंग व जेट स्की की शुरुआत होगी। पैडल बोट, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट समेत कई अन्य बड़े-छोटे बोट की व्यवस्था होगी।

अगर आप गोवा और चेन्नई की तरह सुपर बोटिंग और पैरासेलिंग (मोटर बोट आधारित पैराशूट) का मजा लेना चाहते हैं तो पश्चिम चंपारण में इसकी सुविधा जल्द ही मिलेगी। यहां 400 एकड़ में फैले अमवा मन (पानी से भरी निचली भूमि) में इसकी व्यवस्था की जा रही है। डेमो दिखाने के लिए गोवा, चेन्नई और मुंबई के एक्सपर्ट 15 मार्च तक पहुंच जाएंगे।

होली के बाद यहां वाटर स्पोर्ट्स की सुविधा मिलने लगेगी। राज्य में धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों का सुंदरीकरण कर पर्यटन विकास की कई योजनाएं बनाई गई हैं। बोधगया, राजगीर और वैशाली में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में बड़ी संख्या में यहां पर्यटक आते हैं। तीन महीने पहले यहां त्रिवेणी नहर में बोटिंग की शुुरुआत की गई थी।

अब अमवा झील में बोटिंग के साथ वाटर स्पोर्ट्स पर काम हो रहा है। पर्यटन विभाग इस पर 14.16 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। झील की सफाई, तट पर मिट्टी भराई और पौधारोपण का काम हो चुका है। प्रथम चरण में नौका विहार का कार्य होली के बाद शुरू हो जाएगा। इसके बाद पैरासेलिंग व जेट स्की की शुरुआत होगी। पैडल बोट, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट समेत कई अन्य बड़े-छोटे बोट की व्यवस्था होगी।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.