मधेपुरा. बिहार के मधेपुरा जिले में नशे में धुत्त आरपीएफ के जवानों ने फोटो और वीडियो लेने पर स्थानीय पत्रकारों से मारपीट की और उन्हें 3 घंटे तक बंधक बनाए रखा। घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पत्रकारों को मुक्त कराया। चारों आरपीएफ जवान मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पत्रकारों के बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
ठंड को लेकर कवरेज करने गए थे पत्रकार
प्राप्त जानकारी के मुताबिक दो पत्रकार मंगलवार देर रात मधेपुरा स्टेशन पर ठंड को लेकर कवरेज के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान स्टेशन पर उन्हें एक महिला की लाश पड़ी मिली। इसको लेकर वे आरपीएफ जवान का वर्जन लेने उनके बैरक में पहुंचे।

कैमरा देखते ही भड़के जवान
पीड़ित पत्रकार ने बताया कि वे जैसे ही बैरक में पहुंचे तो देखा कि चार जवान शराब पी रहे हैं। उन्होंने जैसे ही अपना कैमरा ऑन किया जवान भड़क गए और उनका कैमरा तोड़ दिया। इसके बाद मोबाइल तोड़कर दोनों पत्रकारों को कमरे में बंद कर दिया और फरार हो गए।
चारों जवान मौके से फरार
पत्रकार ने दफ्तर में फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पत्रकारों को छुड़ाया। पुलिस का कहना है कि चारों जवान मौके से फरार हैं। एक जवान का नाम आनंद विजय यादव बताया जा रहा है। सभी की तलाश की जा रही है।