मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की ओर से पीजी सत्र 2019-21 के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। परीक्षा 25 मार्च से शुरू होकर 13 अप्रैल तक चलेगी। वहीं 18 से 23 अप्रैल तक संबंधित पीजी विभागों और कालेजों में प्रायोगिक परीक्षा ली जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक डा.संजय कुमार ने कुलपति के आदेश से परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया। बताया कि परीक्षा दो पालियों में संचालित की जाएगी। पहली पाली सुबह नौ से 12 और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से संध्या पांच बजे तक संचालित की जाएगी। डा.संजय कुमार ने कहा कि एडमिट कार्ड में हुई गड़बड़ी को सुधार दिया गया है।
करीब पांच सौ विद्यार्थियों ने एडमिट कार्ड में गड़बड़ी की शिकायत की। विभाग की ओर से पंजीयन से मिलान कर उनका एडमिट कार्ड सुधारा गया।
बता दें कि यह परीक्षा सात मार्च से होनी थी। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कालेजों में एडमिट कार्ड नहीं मिल पाया था। इस कारण परीक्षा स्थगित की गई थी।

