मुजफ्फरपुर। सब्जी उत्पादक किसानों को अब ग्राहकों का इंतजार नहीं करना होगा। ना ही सब्जियों की बर्बादी होगी। सहकारिता विभाग द्वारा सब्जी क्रय के लिए प्रखंड प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड का गठन किया गया है।
यहां स्थानीय बाजार के साथ तरकारी मार्ट डाट काम पर सब्जियों की आनलाइन खरीद व बिक्री हो रही है। समिति का निर्माण सभी 16 प्रखंडों में किया गया है, लेकिन फिलहाल 11 प्रखंडों सकरा, बोचहां, औराई, साहेबगंज, कटरा, बंदरा, मड़वन, मुरौल, कुढनी, मुशहरी, मीनापुर में सब्जियों की बिक्री हो रही है।

1788 किसान इससे जुड़े हुए हैं। इसके लिए उन्हें निबंधन कराना पड़ता है। बिक्री के लिए केंद्र बने हैं। किसानों को बस इन केंद्रों पर जाकर सब्जी देनी होती है। इसके बाद 24 घंटे के अंदर सब्जी की राशि उनके खाते में चली जाती है। होम डिलीवरी के लिए जिले में 100 युवाओं को रोजगार मिला है।
तरकारी डाट काम से जुड़ने के लिए आनलाइन आवेदन करना होता है। 200 रुपये प्रवेश शुल्क देने के बाद सदस्यता रसीद मिल जाती है। निबंधित होने के बाद किसान खुद सब्जी लेकर बिक्री केंद्रों पर आते हैं। सब्जी की मात्रा ज्यादा होने पर समिति के लोग खुद ही वाहन लेकर खेत पर आ जाते हैं।
इन केंद्रों पर रोजाना 50-60 क्विंटल के बीच सब्जी की खरीदारी की जा रही है। 50 से 100 ग्राहक रोजाना आर्डर भी दे रहे हैं। आने वाले समय में हर प्रखंड में कोल्ड स्टोरेज, सरकारी मंडी, गोदाम, कोल्ड चेन वाहन की व्यवस्था की योजना है।
केंद्रों के संचालन में सहयोग व प्रबंधन के लिए प्रबंधक की नियुक्ति की गई है। बिक्री के आधार पर युवाओं को मानदेय दिया जाता है। औराई के किसान कौशल किशोर और राजनंदन राय कहते हैं कि वर्ष 2020 में इन केंद्रों की नींव रखी गई थी। इससे सारी सब्जियां एक साथ बिक जाती हैं और समय से पैसे भी मिल जाते हैं। पहले नहीं बिकने पर कुछ सब्जियां सड़ जाती थीं जिससे नुकसान हो जाता था। अब ऐसा नहीं है। पूरे पैसे वसूल हो जाते हैं।
