BETTIAH : जमुनिया गांव में दो माह के अंदर हो गई 15 लोगों की मौत, ग्रह शांति के लिए ग्रामीण लगे तीन दिवसीय पूजा

बेतिया. सहाेदरा थाना के जमुनिया गांव में दो माह के अंदर 15 लोगों की मौत हो गई। ग्रामीणों इसे ग्रह दशा में गड़बड़ी मानते हैं। सारे काम ठप कर ग्रामीण 3 दिवसीय पूजा-अर्चना में लगे हैं। बुधवार को पूजा दूसरे दिन भी जारी रही।
गांव के विभिन्न वार्डों में हुई 15 असामयिक मौत के बाद गांव की महिलाओं व पुरुषों ने गांव के गुरुओं, बुजुर्गों व विद्वान पंडितों से मिलकर विचार-विमर्श किया था। इसके बाद यह निर्णय हुआ कि गांव की ग्रह शांति की पूजा करवाई जाए। गांव के ब्रह्मस्थान परिसर में योग्य पंडितों व आचार्यों की देखरेख में 11 हजार महामृत्युंजय का पाठ सहित विधि-विधान से पूजा जारी है।

गुरुवार को महाप्रसाद के साथ पूजा समाप्त होगी। वहीं स्थानीय ऐतिहासिक सुभद्रा मंदिर, गढ़ी माई मंदिर, मलंग बाबा स्थान पर भी पूजा हो रही है। जमुनिया गांव में हो रही तीन दिवसीय पूजा को लेकर गांववासियों के अनुराेध पर मीट, मछली बेचने वाले दुकानदारों ने अपनी दुकानें दूसरे दिन भी बंद रखीं। निजी स्कूलों ने भी अपने स्कूल बंद कर पूजा में भाग लिया।

पूजा पर बैठे बतौर यजमान जमुनिया निवासी गोकुल महतो व उनकी पत्नी पुष्पा देवी ने बताया कि जब गांव पर ग्रह दोष उत्पन्न होता है, तो इस तरह की घटनाएं घटित होने लगती है। उसे रोकने के लिए इस तरह की पूजा, 11 हजार महामृत्युंजय जाप, हवन, ब्रह्म भोज व कुंआरी कन्याओं को भोजन करा कर ग्रह दोष समाप्त करना पड़ता है।

यजमान दंपति ने बताया कि गुरुवार को पूजा समाप्ति पर ब्रह्मभोज एवं कन्याभोज किया जाएगा। ब्रह्मस्थान पर आयोजित पूजा का आयोजन कर रहे गांव के पुरोहित जज शुक्ला, पंडित अर्जुन चौबे, श्रीराम पाण्डेय व बबलू शुक्ला के साथ स्थानीय विद्वान गुरु रामदेव गुरो, दुखा गुरो, बालेश्वर गुरो, ठग गुरो व जयनाथ गुरो शामिल हैं।

एक ही परिवार के चार लोगों की हो गई मौत
19 अक्टूबर से 5 दिसंबर के बीच जमुनिया गांव के चार वार्डों 6, 7, 8 व 9 में पंद्रह लोगों की असामयिक माैत हो गई थी। मरने वालों में महिला, पुरुष व बच्चे शामिल थे। आश्चर्य यह कि मरने वालों में इस दौरान माधुरी दास के परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.