मुजफ्फरपुर । एईएस को लेकर सरकारी स्कूल में प्रचार-प्रसार व चमकी की धमकी पर चर्चा नहीं हो रही। इसको स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है। इसके साथ ही अब स्वास्थ्य से लेकर हर विभाग की ओर से जारी होने पत्र पर चमकी की धमकी का वाटर मार्क अंकित होगा।
इसके साथ मुजफ्फरपुर ने इस बार भी यह ठाना है, हर बच्चे को चमकी से बचाना है। तीन धमकियां याद रखो, खिलाओ, जगाओ, अस्पताल से लेकर जाओ का स्लोगन हर प्रमुख जगह पर लिखा जाएगा।
सरकारी स्कूलों में एईएस के बचाव के लिए स्लोगन लिखने हैं, लेकिन अबतक अधिकांश स्कूलों में इसे पूरा नहीं किया जा सका है। प्रतिदिन स्कूल के चेतना सत्र में चमकी बुखार के लक्षणों, इससे बचाव के लिए क्या करना है और क्या नहीं करना है, इसपर चर्चा करनी है।

चमकी को धमकी शपथ पत्र में लक्षण, सावधानी के बारे में बताना है। अभिभावकों को शपथ पत्र भरकर स्कूलों को देना है। स्कूलों से स्वास्थ्य विभाग को भेजे जाएंगे। इस संबंध में वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी डा सतीश कुमार ने बताया कि अभी प्रखंड में रफ्तार कम है। कहीं से फीडबैक नहीं आ रहा है।

जिलाधिकारी के साथ बैठक में इस बात को रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में स्लोगन के साथ स्कूल में प्रार्थना के दौरान बच्चों को जागरूक करने का कार्यक्रम जारी है।
इस संबंध में स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग, सीडीपीओ आदि से जागरूकता अभियान की प्रगति रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद समीक्षा की जाएगी। तेज बुखार, चमकी व देखते ही देखते बेहोश हो जाना, उसके बाद मुंह से झाग आना यह एईएस के लक्षण है।
