दरभंगा। दरभंगा एयरपोर्ट रनवे को जानवरों से सुरक्षित करने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए 10.5 किलोमीटर में चेन लिंक फेसिंग की जानी है। करीब चार किलोमीटर में काम पूरा कर लिया गया है। पूर्व में 2.16 करोड़ की लागत से 7.5 किलोमीटर में फेंसिंग का काम किया जाना था।
वर्तमान में योजना का आकार बढ़ाकर 10.5 किलोमीटर किया गया है। दरअसल एयरपोर्ट परिसर में करीब 200 नीलगाय और इतनी ही संख्या में जंगली सुअर रहते हैं, जो अक्सर रनवे की ओर पहुंच जाते हैं। इससे खतरा बना रहता है।
इसलिए एयरपोर्ट से जब लगातार फ्लाइटों की उड़ान शुरू हुई तो जानवरों को यहां से हटाने के साथ पुरानी चेन लिंक फेंसिंग की जगह नई और मजबूत फेंसिंग तैयार की जा रही है। वन प्रमंडल पदाधिकारी सुबोध कुमार गुप्ता के मुताबिक जानवरों को हटाने के लिए विशेषज्ञों की टीम बनाई जानी है।

जानवरों के लिए पिंजरा तैयार किया जाएगा। एयरपोर्ट के जिस हिस्से में जानवर निवास करते हैं, वहां टीम विशेष तरह की आवाज पैदा कर जानवरों को पिंजरे तक ले जाएगी। इसके बाद उन्हें विशेष वाहन से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में छोड़ा जाएगा।
चेन लिंक फेंसिंग देखने के बाद जानवरों को हटाने की प्रक्रिया की जाएगी। बरसात पूर्व यह काम पूरा कर लिया जाएगा। दरभंगा डीएम राजीव रौशन ने कहा-एयरपोर्ट पर चेन लिंक फेंसिंग का काम युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है।
इसे निर्धारित समय अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। एयरपोर्ट पर यात्री सुरक्षा व सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार की योजनाओं पर लगातार काम चल रहा है।
