बिहार में बुलडोजर ने शुरू कर दिया काम, मंत्री बोले- आज ट्रायल था, कोई नहीं बचेगा

उत्‍तर प्रदेश में बुलडोजर बाबा यानी योगी आदित्‍यनाथ ने मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली और इधर, बिहार में भी इसी दिन बुलडोजर ने अपना काम शुरू कर दिया। यह भी संयोग ही है कि राज्‍य के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार भी यूपी सरकार के शपथ ग्रहण में शामिल होने लखनऊ गए थे।

Bihar News: बिहार में चलने लगा बुलडोजर। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

इसी बीच दरभंगा से बुलडोजर अभि‍यान की शुरुआत बिहार में हो गई। राज्‍य में अवैध ढंग से बनी इमारतों को गिराया जाएगा। इसमें किसी तरह की कोई रियायत नहीं मिलने वाली है।

राज्‍य सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्‍व मंत्री राम सूरत कुमार ने कहा कि राज्‍य के सभी 38 जिलों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए हर जिले को फंड दे दिया गया है।

अतिक्रमण हटाने में किसी की पैरवी नहीं सुनी जाएगी। अगर कहीं न्‍यायालय का मसला आता है तो सरकार उच्‍चतम न्‍यायालय तक जाएगी और अतिक्रमण को हर हाल में खत्‍म किया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि इसकी झलक दिखा दी गई है। अप्रैल से अभियान रफ्तार पकड़ लेगा।

राजस्‍व एवं भूमि सुधार मंत्री राम सूरत कुमार ने कहा कि राज्‍य में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान बिहार माडल पर चलेगा। हालांकि इसी मसले पर गया में कम्‍युनिस्‍ट नेता दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में जीत के बाद भाजपा बिहार में भी यूपी का बुलडोजर माडल चलाना चाहती है।

बिहार में ऐसा किसी हाल में नहीं होने दिया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि बिहार में भाजपा मुकेश सहनी को खा गई। भाजपा को अब नीतीश कुमार का मुखौटा भी नहीं चाहिए। ऐसी ताकतों के खिलाफ लाल झंडा काम करते रहेगा।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.