मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय में स्नातक में नामांकन के लिए उत्तर बिहार के कई जिलों से छात्राएं आती हैं। नियमित कक्षाओं के संचालन और अनुशासन के कारण कालेज की पहचान है।
यहां स्नातक में कला और विज्ञान संकाय की पढ़ाई होती है। यहां स्नातक में वर्तमान में कला संकाय में 1518 और विज्ञान में 290 सीटें निर्धारित हैं। कालेज में स्नातक स्तर पर दो वोकेशनल कोर्स बीबीए और सीएनडी की पढ़ाई हो रही है।
वहीं अगले सत्र से बैचलर आफ मास कम्युनिकेशन और बैचलर आफ कंप्यूटर अप्लीकेशन कोर्स को भी स्वीकृति मिली है। अगले सत्र से चार विषयों में पीजी की भी पढ़ाई यहां शुरू होगी। 1969 में रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय की स्थापना की गई थी।
यहां इंटर और स्नातक के कोर्स संचालित थे। रोजगारोन्मुखी शिक्षा देने के लिए यहां वोकेशनल कोर्स शुरू किए गए। अगले सत्र से पीजी की भी पढ़ाई शुरू होगी। यहां एनसीसी और एनएसएस में छात्राएं बढ़चढ़कर हिस्सा लेती हैं। कालेज में कई विषयों में शिक्षक ही नहीं हैं। बाद में यहां अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की गई है।
खासकर जूलाजी, संगीत, भौतिकी और बाटनी में नियमित शिक्षक नहीं हैं। यहां नियमित शिक्षकों के कुल 25 पद हैं। इनपर वर्तमान में 15 ही नियमित शिक्षक कार्यरत हैं। वहीं 16 अतिथि शिक्षक भी यहां विभिन्न विषयों में हैं।
आरबीबीएम कॉलेज की प्राचार्या डॉ.ममता रानी का कहना है कि कालेज में छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिले, इसको लेकर प्रयास किया जा रहा। उन्हें कंप्यूटर और विज्ञान में प्रायोगिक जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा। छात्राएं ड्रेस कोड में आती हैं। व्यक्तित्व विकास को लेकर भी प्रयास हो रहा।
