मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर में पेट्रोल 113 के पार और डीजल…जानें नया रेट

मुजफ्फरपुर। पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल व डीजल की कीमतें एक बार फिर बढ़ा दी है। इसका परिणाम यह हुआ कि पेट्रोल की कीमत ने 113 के आंकड़े को पार कर लिया है। डीजल का भी कुछ ऐसा ही हाल है। यह भी अब शतक के करीब पहुंच गया है। यदि इसी हिसाब से दाम में बढ़ोतरी होती रही तो एक दो दिन के अंदर में ही डीजल 100 के आंकड़े को पार कर सकता है। खुदरा मूल्यों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बाद परिवहन व्यवस्था के महंगा होने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है।

इससे जुड़े संगठनों की ओर से बस भाड़ा व अन्य परिवहन के साधनों के भाड़े में बढ़ोतरी की मांग उठने लगी है। यूं तो कच्चे तेल की कीमत में पिछले एक सप्ताह के दौरान कमी देखी गई है, लेकिन भारत की पेट्रोलियम कंपनियां अभी रुकने के मूड में नजर नहीं आ रही है।

गुरुवार की सुबह छह बजे जारी नए रेट के अनुसार पेट्रोल की कीमत में मुजफ्फरपुर में 83 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इस तरह से देखा जाए तो यहां पेट्रोल का दाम 112.35 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 113.18 रुपये प्रति लीटर हो गया है। यह रेट मुजफ्फरपुर में हिंदुस्तान पेट्रोलियम का है।

अन्य तेल कंपनियों के आउटलेट पर भी कीमत इसके आसपास ही रहता है। आंकड़ों पर गौर करें तो 22 मार्च को यह 107.42 रुपये प्रति लीटर था। इससे पहले 137 दिनों तक रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ था। इस दौरान रेट 106.59 रुपये हुआ करता था। यदि हम तीन माह पहले यानी 02 दिसंबर 2021 की बात करें तो उस समय रेट 106.59 रुपये प्रति लीटर था।

छह माह पहले के रेट की बात करें तो 01 सितंबर 2021 को रेट 104.61 रुपये प्रति लीटर था। आज डीजल के खुदरा मूल्य में भी बदलाव किया गया है। इसमें 79 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इस तरह यह 97.28 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 98.08 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

22 मार्च 2022 के रेट की बात करें तो यह 92.53 रुपये लीटर था। इससे पहले 137 दिनों तक इसका रेट स्थिर था। उस समय इसकी कीमत 91.73 रुपये प्रति लीटर हुआ करती थी।

यदि यदि हम तीन माह पहले यानी 02 दिसंबर 2021 की बात करें तो उस समय रेट 91.73 रुपये प्रति लीटर ही हुआ करता था। छह माह पहले के रेट की बात करें तो 01 सितंबर 2021 को यह 95.30 रुपये प्रति लीटर था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.