मुजफ्फरपुर। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से सरकारी स्कूलों में रेमिडियल क्लास के संचालन की अधिसूचना जारी की गई है। डीईओ को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि पांचवीं से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक वर्ष के अंत में परीक्षा ली जाएगी।
इसमें यदि विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहते हैं तो उनके लिए अगले दो महीने में विशेष कक्षाओं का संचालन कर दोबारा परीक्षा में शामिल कराया जाएगा। यदि इस परीक्षा में भी विद्यार्थी उत्तीर्ण नहीं होते हैं तो उन्हें उसी कक्षा में रोक दिया जाएगा।
अगले शैक्षणिक वर्ष के दौरान ऐसे बच्चों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। शिक्षकों को कहा गया है कि ऐसे बच्चों को प्रोत्साहित करना है ताकि वे हीन भावना से ग्रसित न हो सकें।
वहीं किसी भी बच्चे को प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण होने से पूर्व निष्कासित नहीं किया जाएगा।
